June 29, 2026

फरीदाबाद: सिक्योरिटी गार्ड को कट्टा दिखाकर 3 टन LT केबल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: मोहना रोड स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड को कट्टा दिखाकर बंधक बनाने और करीब 3 टन LT केबल लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श निवासी अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव छांयसा निवासी भूपेंद्र ने थाना छांयसा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह मोहना रोड स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। 7 जून की रात वह कंपनी के मुख्य गेट पर बैठा था, तभी पांच बदमाश वहां पहुंचे। आरोपियों ने कट्टा दिखाकर उसे बंधक बना लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाश कंपनी से करीब 3 टन LT केबल और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना छांयसा में डकैती सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 को सौंपी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ पिकअप वाहन में पहले से लूट की योजना बनाकर आए थे। उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाया और कंपनी की LT केबल पिकअप में लोड कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी आदर्श को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटा गया सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।