June 29, 2026

महिला एवं किशोरी सम्मान योजना में पंजीकरण जारी

महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत पंजीकरण करवाती महिलाएं और किशोरियां

Faridabad/Alive News: महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा संचालित महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं और किशोरियों का पंजीकरण लगातार जारी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों की 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को प्रत्येक माह निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाते हैं। इससे मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के स्वास्थ्य में भी सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।

मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। पात्र महिलाएं और किशोरियां आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीकरण करवा सकती हैं।

समय रहते कराएं पंजीकरण

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी पात्र महिलाओं और किशोरियों से अपील की कि वे समय पर योजना के लिए पंजीकरण कराकर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सशक्तिकरण के लिए लगातार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से संचालन कर रहा है।