Jharkhand/Alive News: झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस और हैदराबाद नारकोटिक्स टीम ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर स्पीड पोस्ट और कूरियर के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में गांजा भेजने का आरोप है। आरोपी पार्सल के ऊपर ‘दवा’ लिखकर नशीले पदार्थ की सप्लाई करता था ताकि किसी को शक न हो।
हैदराबाद नारकोटिक्स ने की कार्रवाई
गिरफ्तार युवक की पहचान निमियाघाट थाना क्षेत्र के ताम्बागुडियो निवासी सत्यम मिश्रा के रूप में हुई है। हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम ने उसे डुमरी थाना क्षेत्र के बेरमो मोड़ से गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी को निमियाघाट थाना में रखा गया है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद ले जाने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सत्यम अपनी कार का टायर बदलवाने के लिए बेरमो मोड़ स्थित एक टायर दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान दो स्कूटी और एक सफेद इनोवा कार से पहुंची हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम ने उसे घेरकर हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को लगा कि युवक का अपहरण हो गया है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
अपहरण नहीं, निकली गिरफ्तारी
सूचना मिलने पर गिरिडीह पुलिस और तोपचांची पुलिस ने हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम को रोका। जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि उसे आधिकारिक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद आरोपी और टीम को निमियाघाट थाना लाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डुमरी-निमियाघाट क्षेत्र से गांजा लिफाफों और बॉक्स में पैक किया जाता था। फिर पार्सल के ऊपर ‘दवा’ लिखकर उसे स्पीड पोस्ट या कूरियर के जरिए तेलंगाना सहित कई राज्यों में भेजा जाता था।
डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम ने युवक को गांजा सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह डाक सेवा के जरिए विभिन्न राज्यों में नशीले पदार्थ भेजता था। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

