June 27, 2026

श्रीराम मंदिर चंदा मामले पर पूर्व विधायक नीरज शर्मा का बड़ा बयान, विशेष सत्र बुलाकर कड़ी कार्रवाई की मांग

श्रीराम मंदिर चंदा मामले पर प्रेस वार्ता करते पूर्व विधायक नीरज शर्मा।

Faridabad/Alive News: एनआईटी-86 फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चंदा और वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर केंद्र सरकार और मंदिर प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ संविधान के तहत सबसे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

नीरज शर्मा ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और मंदिर से जुड़ी किसी भी तरह की वित्तीय गड़बड़ी से देश ही नहीं बल्कि विदेशों में रहने वाले सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चंदे में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि हाल ही में विदेश यात्रा के दौरान प्रवासी भारतीयों ने भी इस मामले को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि देश और विदेश के लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई से मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था, इसलिए हर रुपये का पारदर्शी हिसाब जनता के सामने आना चाहिए।

पूर्व विधायक ने यह भी दावा किया कि मंदिर निर्माण से जुड़े कुछ मामलों में पारदर्शिता की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जहां स्थायी और मजबूत व्यवस्था होनी चाहिए थी, वहां अस्थायी निर्माण किए जाने के आरोप सामने आए हैं।

नीरज शर्मा ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए और मंदिरों में चंदे की चोरी या वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों के लिए सख्त कानून बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी प्रावधान लागू किए जाने चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए सर्वदलीय समिति गठित करने तथा सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की भी मांग दोहराई।