June 27, 2026

फरीदाबाद थाना मालखाना से हथियार चोरी का खुलासा, आईटीआई छात्र समेत 20 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद मालखाना हथियार चोरी मामले में बरामद हथियार और पुलिस कार्रवाई

Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-8 के मालखाना से हथियार चोरी होने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईटीआई के एक छात्र समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए सभी हथियार बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को थाना सेक्टर-8 के मालखाना के निरीक्षण के दौरान कई हथियार गायब मिले थे। इसके बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों का गठन किया गया था।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आईटीआई का छात्र था और पुलिस विभाग में अप्रेंटिस के तौर पर कंप्यूटर का काम करने के लिए थाना सेक्टर-8 में तैनात था। आरोप है कि उसने अक्टूबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच मालखाना से हथियार चोरी किए और उन्हें अपने परिचितों के माध्यम से आगे बेच दिया।

पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए हथियारों को राजस्थान, रेवाड़ी, भिवाड़ी, गौतमबुद्ध नगर, पलवल, नूंह और अन्य क्षेत्रों में अलग-अलग लोगों तक पहुंचाया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया और सभी हथियार बरामद कर लिए।

जांच के दौरान मालखाना प्रभारी ईएसआई बिजेंद्र सिंह की लापरवाही भी सामने आई। इसके आधार पर उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।