June 26, 2026

बादलों ने दी राहत, फिर तेज धूप ने बढ़ाई उमस

Noida/Alive News: बुधवार रात हुई हल्की बारिश के बाद गुरुवार सुबह मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर में आसमान में बादल छाने से कुछ देर के लिए राहत मिली और लोगों ने सिर व चेहरा ढकने के लिए इस्तेमाल की जा रही चुन्नी और साफी भी हटा दी। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही और कुछ समय बाद आसमान साफ होते ही तेज धूप निकल आई। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ा। शहर का एक्यूआई भी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। 

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं शनिवार और रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से तापमान में हल्की गिरावट शुरू होगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद 30 जून और 1 जुलाई को तापमान घटकर 38 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने के भी आसार हैं।

उधर, शहर की वायु गुणवत्ता अभी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार नोएडा का एक्यूआई152 दर्ज किया गया, जबकि ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 196 रहा। दोनों शहरों की वायु गुणवत्ता फिलहाल मध्यम श्रेणी में है।