Noida/Alive News: जिले के दिव्यांगजनों एवं उनसे जुड़े संस्थानों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने का अवसर है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशों में दिव्यांगजन राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसके लिए पात्र व्यक्ति, संस्थान एवं संगठन निर्धारित मानकों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी एवं संस्थान केंद्र सरकार की वेबसाइट www.depwd.gov.in तथा www.awards.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। साथ ही शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित पात्रता एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन, संस्थानों और संगठनों को आवेदन करने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित करें, ताकि योग्य उम्मीदवार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान का लाभ उठा सकें।

