June 25, 2026

आज से शुरू कक्षा एक से आठ तक के स्कूल

Noida/Alive News: जिले के कुल 512 सरकारी स्कूलों में पढ़ाई शुरू की जाएगी। जिसके लिए सभी स्कूलों ने तैयारी पूरी कर ली है। साथ ही छात्रों का लर्निंग गैप दूर करने के लिए चलाए जाने वाले कैच-अप शिक्षण अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई है, जिसमें 1 जुलाई से कक्षाओं के अनुसार गतिविधियां कराई जाएंगी।
आज स्कूल के पहले दिन पढ़ाई का अधिक दबाव नहीं रखा जाएगा। शिक्षक द्वारा दोबारा से छात्रों को चैप्टर के बारे में पढ़ाया जाएगा और छात्रों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही बच्चों को कई तरह के खेल खिलाए जाएंगे। इसके अलावा बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए कविता पाठ, गायन और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन होगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को अवकाश के बाद फिर से पढ़ाई और विद्यालयीन वातावरण से जोड़ना है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल में हो सके। सेक्टर-121 स्थित पर्थला कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू लता सिंह ने बताया कि 1 जुलाई से अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें कक्षा 1 और 2 के छात्रों के लिए चित्र आधारित वर्कशीट और भाषा गतिविधियां तैयार की गई हैं। कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों को खेल-खेल में गणित और भाषा का अभ्यास कराया जाएगा। वहीं कक्षा 6 से 8 के छात्रों के लिए प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण, गतिविधियां और विषयवार वर्कशीट तैयार की गई हैं। अभियान के तहत बच्चों के लर्निंग गैप को दूर करने के लिए खेल आधारित शिक्षण सामग्री के साथ विभिन्न शैक्षिक गतिविधियां की जाएंगी।