Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इनर व्हील क्लब (IWC) इंडस्ट्रियल टाउन, फरीदाबाद द्वारा अमृता हॉस्पिटल परिसर में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए विशेष वैन सेवा उपलब्ध कराई गई।
यह पहल संवेदनशीलता, मानवता और समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस वैन के माध्यम से थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों को अस्पताल आने-जाने, नियमित रक्त चढ़वाने और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे बच्चों के साथ-साथ उनके परिवारों को भी राहत मिलेगी।
फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया, फरीदाबाद ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए इनर व्हील क्लब इंडस्ट्रियल टाउन, फरीदाबाद की समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया है।
संस्था के अनुसार, इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 301 की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन (2025-26) दीपिका बाली द्वारा लिया गया संकल्प अब साकार हो गया है। इसके साथ ही अनीता जैन और मनिता गुप्ता सिंघला का वह सपना भी पूरा हुआ, जिसमें थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के लिए एक समर्पित वाहन उपलब्ध कराने की सोच शामिल थी।
फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया, फरीदाबाद के प्रधान बी. दास गुलाटी, महासचिव रविंद्र डुडेजा एवं जे.के. भाटिया ने दीपिका बाली, अनीता जैन, मनिता गुप्ता सिंघला और इनर व्हील क्लब की पूरी टीम का विशेष धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि यह सहयोग केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करने वाला कदम है। संस्था ने कहा कि थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का जो संकल्प लिया गया था, वह अब सेवा के सुंदर उपहार के रूप में साकार हो चुका है।
फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के पदाधिकारियों ने इस मानवीय पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सामाजिक संस्थाएं आगे आकर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के बेहतर और सुरक्षित जीवन के लिए इसी प्रकार सहयोग करती रहेंगी।

