Faridabad/Alive News : घर में चोरी कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक उर्फ चूना (उम्र 23) निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने का लॉकेट और दो जोड़ी चांदी की पायल बरामद की हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शिकायतकर्ता नीतीश, निवासी डबुआ कॉलोनी ने थाना डबुआ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून 2026 को उनका पूरा परिवार काम पर गया हुआ था। शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और सोने के आभूषण तथा नकदी गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने आरोपी दीपक उर्फ चूना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने घर पर ताला लगा देखकर मौका पाकर अंदर प्रवेश किया और आभूषण तथा अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और चोरी की गई नकदी एवं अन्य सामान के संबंध में भी पूछताछ जारी है।

