मामले में अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी
Faridabad/Alive News : डबुआ क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक उर्फ बिल्ला (उम्र 19) निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह मामला 4 मार्च को हुई मारपीट से जुड़ा है, जिसमें घायल हुए युवक की उपचार के दौरान 15 मार्च को मौत हो गई थी। घटना के बाद थाना डबुआ में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता पवन कुमार निवासी धर्मांगदपुर, जिला मैनपुरी उत्तर प्रदेश ने पुलिस को बताया था कि उसका छोटा भाई संजीव कुमार 4 मार्च को अपने दोस्त से मिलने जा रहा था। इसी दौरान डबुआ स्थित शुक्ला आटा चक्की के पास बादल, राधे, सन्नी, बिल्ला, करण और अन्य युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल संजीव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 15 मार्च को उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक संजीव ने आरोपी बादल की बहन के साथ कथित रूप से बदतमीजी की थी। इसी रंजिश के चलते बादल ने अपने साथियों रितिक उर्फ बिल्ला, भविष्य, विशाल, राधे, सन्नी और अन्य के साथ मिलकर संजीव पर हमला किया था। मारपीट के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण संजीव की बाद में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा की टीम पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब रितिक उर्फ बिल्ला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

