June 19, 2026

भीषण गर्मी में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर नगर निगम अलर्ट, नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर होगी कार्रवाई

फोटो : नगर निगम कार्यालय

-स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
-लू, डिहाइड्रेशन और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए निगम ने जारी की एडवाइजरी

Faridabad/Alive News : भीषण गर्मी और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए नगर निगम फरीदाबाद ने नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए विशेष जन स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है। हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों एवं नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने आमजन, खाद्य व्यवसाय संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

डॉ. नीतीश परवाल ने कहा कि वर्तमान में बढ़ते तापमान के कारण लू (हीट स्ट्रोक), डिहाइड्रेशन और खाद्य एवं जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में होटल, रेस्तरां, ढाबा संचालक, डेयरी प्रतिष्ठान, स्ट्रीट फूड विक्रेता और अन्य व्यावसायिक संस्थानों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

नागरिकों के लिए विशेष सलाह
नगर निगम द्वारा जारी एडवाइजरी में लोगों से पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पीने, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने तथा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। इसके साथ ही सिर को ढककर रखने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है।

बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये वर्ग गर्मी के प्रभाव से सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं।

ताजा और सुरक्षित भोजन खाने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से केवल ताजा, स्वच्छ और पूरी तरह पका हुआ भोजन ग्रहण करने का आग्रह किया है। बासी, खुले में रखे गए या दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है।

वहीं खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, कोल्ड चेन बनाए रखने और खाद्य पदार्थों को धूल, मक्खियों तथा अन्य प्रदूषण से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था अनिवार्य
डॉ. परवाल ने कहा कि सभी प्रतिष्ठानों में स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने की पर्याप्त व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को सुनिश्चित किया जाए। मांस, मछली, दूध और अन्य जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

नगर निगम ने नागरिकों से अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव नहीं होने देने और कूड़ा-कचरा जमा नहीं करने की अपील की है।

लक्षण दिखने पर तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, उल्टी, दस्त, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी या लू के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लिया जाए।

डॉ. नीतीश परवाल ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में नियमों की अनदेखी या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।