June 15, 2026

दिल्ली-एनसीआर में धूल भरा तूफान, 92 KMPH की रफ्तार से चलीं हवाएं; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के दौरान कम हुई दृश्यता और तेज हवाओं का दृश्य।

New Delhi/Alive News: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज धूप और गर्मी का असर था, वहीं दोपहर के बाद तेज धूल भरी आंधी ने लोगों को परेशान कर दिया। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार छा गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।

मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। धूल भरी आंधी के बाद राजधानी के कई हिस्सों में बारिश भी शुरू हो गई।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) के टर्मिनल-3 के आसपास धूल के घने बादल देखे गए। इसके कारण एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, पालम क्षेत्र में दोपहर करीब 2:30 बजे हवा की अधिकतम रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली के कई हिस्सों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मौसम में आए इस अचानक बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है, जो हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं, बादल और बारिश देखने को मिल रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ सकता है, जिसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इससे पहले सुबह के समय भी दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।