Faridabad/Alive News: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में फरीदाबाद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 15 जून 2026 को सुबह 6:30 बजे सेक्टर-12 स्थित हरियाणा राज्य खेल परिसर से योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि 21 जून 2026 को सेक्टर-12 खेल परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। योग दिवस से पहले आयोजित होने वाली इस योग मैराथन में खेल विभाग के खिलाड़ी, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और आम नागरिक हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
डीसी ने बताया कि योग मैराथन का रूट सेक्टर-12 खेल परिसर से शुरू होकर सेक्टर-15, सेक्टर-12 टाउन पार्क और हुड्डा कार्यालय मार्ग से होते हुए दोबारा खेल परिसर में समाप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष व्यवस्था रहेगी।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में योग मैराथन और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लें तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और निरोग समाज के निर्माण में योगदान दें।

