June 13, 2026

असम के जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, लैंडिंग के दौरान लगी आग

जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर क्रैश हुए AN-32 विमान से उठता धुआं

Assam/Alive News: असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का AN-32 मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। दुर्घटना के बाद दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान एयर फोर्स स्टेशन परिसर के अंदर ही लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हुआ। घटना के तुरंत बाद एयर फोर्स की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया गया।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। भारतीय वायुसेना की ओर से अभी तक हादसे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वरिष्ठ वायुसेना अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुटे हैं।

मौके से सामने आई तस्वीरों में विमान दो हिस्सों में टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। राहत एवं बचाव दल आग पर काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं।

क्या है AN-32 विमान की खासियत?

AN-32 भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण मालवाहक और परिवहन विमान है। वायुसेना के बेड़े में ऐसे करीब 100 विमान शामिल हैं। यह विमान विशेष रूप से गर्म मौसम और ऊंचाई वाले इलाकों में संचालन के लिए डिजाइन किया गया है।

AN-32 एक बार में लगभग 6 से 7 टन तक सामान और 40 से 50 जवानों को ले जाने की क्षमता रखता है। कठिन परिस्थितियों में भी इसकी कार्यक्षमता बेहतर मानी जाती है, इसलिए यह वायुसेना के लिए बेहद अहम विमान है।

मार्च में भी हुआ था बड़ा हादसा

इससे पहले 5 मार्च को असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान भी जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन से नियमित उड़ान पर निकला था। हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई थी।

फिलहाल जोरहाट में हुए AN-32 विमान हादसे को लेकर जांच जारी है और वायुसेना दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।