Faridabad/Alive News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम फरीदाबाद और आयुष विभाग के सहयोग से एनआईटी स्थित रोज गार्डन में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर निगम अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग सहायक अनिशा और दिव्या ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और जीवन में संतुलन बना रहता है।
योग शिविर के नोडल अधिकारी एवं जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर नगर निगम शहर के विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल, सफाई निरीक्षक बिशन तेवतिया, हरवीर रावत, नरेंद्र सिंह लोहिया, सहायक सफाई निरीक्षक, पीआरओ जोगेंद्र रावत, श्रीनंद ढकोलिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
रोज गार्डन में सुबह सैर के लिए आने वाले लोगों ने भी योग शिविर में भाग लिया और इस पहल की सराहना की। साथ ही सभी ने नियमित योग करने और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।

