June 12, 2026

फरीदाबाद पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर बदमाश।

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेंट्रल की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में था और थाना पल्ला क्षेत्र में हुई कई सेंधमारी की घटनाओं में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, 11 जून की सुबह करीब 3 बजे सूचना मिली थी कि एक बदमाश अवैध हथियार के साथ आईएमटी क्षेत्र से नोएडा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर अमूल फैक्ट्री से मच्छगर रोड पर नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलने से गिर गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की एक गोली पुलिस अधिकारी दीपक लोहान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, नकदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। मौके से कई खाली कारतूस भी मिले हैं, जिनकी जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान सोनू उर्फ भिखारी शाह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ नोएडा में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी दो बार नोएडा पुलिस के साथ मुठभेड़ में शामिल रह चुका है।

इस मामले में थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।