June 12, 2026

फर्जी आर्मी अधिकारी बनकर 4.73 लाख की ठगी, खाताधारक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

फर्जी आर्मी अधिकारी बनकर ठगी मामले में गिरफ्तार दो आरोपी।

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने फर्जी आर्मी अधिकारी बनकर परचेज ऑर्डर के जरिए एक फैक्ट्री संचालक से 4.73 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-37 स्थित एक होम डेकोर उत्पाद फैक्ट्री के संचालक को 2 अप्रैल को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताते हुए “आर्मी स्पोर्ट्स” के नाम पर एसएस वायर उत्पादों की सप्लाई के लिए फर्जी परचेज ऑर्डर भेजा। इसके बाद बैंक खाता सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं का हवाला देकर अलग-अलग खातों में कुल 4,73,620 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।

संदेह होने पर जांच में परचेज ऑर्डर समेत सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिसके बाद साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने गाजियाबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विकेश कुमार और प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि प्रमोद के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 1,57,825 रुपये प्राप्त हुए थे। विकेश ने प्रमोद का बैंक खाता लेकर उसे आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।

पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।