Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने CBI अधिकारी बनकर 1.24 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में अहमदाबाद निवासी बलदेव भाई बाबू भाई ब्रह्मभट्ट (78) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने परिचित अमित का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें करीब 32 लाख रुपये की ठगी की रकम आई थी। अमित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-85 निवासी एक वरिष्ठ नागरिक को मार्च 2026 में फोन कर खुद को CBI अधिकारी बताया गया। ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर RBI, आयकर विभाग और सुप्रीम कोर्ट के नाम पर फर्जी दस्तावेज भेजे। इसके बाद पीड़ित से जांच के नाम पर अलग-अलग खातों में कुल 1.24 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
बाद में ठगी का पता चलने पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

