Gungun Sharma/Alive News
Noida: शहर में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए रोडवेज की मासिक बस एमएसटी पास (मंथली सीजन टिकट) योजना बड़ी राहत साबित हो रही है। वर्ष 2021 से संचालित इस योजना के तहत नियमित यात्रियों को कम खर्च में बार-बार यात्रा करने की सुविधा मिल रही है। इस वर्ष जनवरी से मई तक कुल 127 नए एमएसटी पास बनाए गए हैं, जबकि 613 पासों को रिन्यू किया गया है।
एआरएम रोहिताश कुमार ने बताया कि एमएसटी पास योजना विशेष रूप से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और महिलाओं के दैनिक आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। इस पास के जरिए यात्री निर्धारित रूट पर एक महीने तक असीमित यात्रा कर सकते हैं। इससे उन्हें रोजाना टिकट लेने की परेशानी से राहत मिलती है और यात्रा खर्च में भी कमी आती है।
रोडवेज के आंकड़ों के अनुसार जनवरी में 16 नए एमएसटी पास बनाए गए और 110 पासों का नवीनीकरण हुआ। फरवरी में 23 नए पास जारी किए गए तथा 121 पास रिन्यू किए गए। मार्च में 35 नए पास बने और 145 पासों को रिन्यू किया । अप्रैल में 33 नए पास जारी किए गए जबकि 135 पास रिन्यू हुए। वहीं मई में 20 नए एमएसटी पास बनाए गए और 102 पासों को रिन्यू किया गया।
एमएसटी पास बनवाने के लिए मात्र 50 रुपये का शुल्क निर्धारित है और आवेदन के तुरंत बाद पास जारी कर दिया जाता है। यह पास 30 दिनों तक वैध रहता है, जिसके बाद इसे रिचार्ज कराना आवश्यक होता है।
पास बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
पास बनवाने के लिए छात्रों को आधार कार्ड, स्कूल या कॉलेज आईडी कार्ड की फोटोकॉपी, बोनाफाइड प्रमाण पत्र तथा हाईस्कूल की मार्कशीट की फोटोकॉपी जमा करनी होती है। वहीं नौकरीपेशा लोगों और महिलाओं के लिए आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य हैं।
50 प्रतिशत छूट
योजना के तहत सामान्य यात्रियों को किराए में 20 से 25 प्रतिशत तक की छूट मिलती है, जबकि छात्रों को 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाती है। यह सुविधा 100 किलोमीटर तक की दूरी के लिए मान्य है। सामान्य एमएसटी में 18 दिन के किराए के बराबर शुल्क लिया जाता है, जबकि छात्रों के लिए यह शुल्क लगभग साढ़े 12 दिन के किराए के बराबर निर्धारित है।

