Kolkata/Alive News: तृणमूल कांग्रेस (TMC) को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले एक सप्ताह में सुखेंदु शेखर राय और सुष्मिता देव के बाद यह तीसरा इस्तीफा है, जिससे पार्टी के भीतर बढ़ती असंतुष्टि और गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि टीएमसी के कई सांसद और विधायक पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं। लोकसभा में पार्टी के कुछ सांसद पहले ही अलग रुख अपना चुके हैं और अलग समूह के तौर पर मान्यता की मांग कर रहे हैं। ऐसे में प्रकाश चिक बराइक का इस्तीफा ममता बनर्जी के लिए एक और राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
प्रकाश चिक बराइक पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के रहने वाले हैं और टीएमसी के प्रमुख आदिवासी नेताओं में उनकी पहचान रही है। राजनीति में आने से पहले वह चाय बागान कर्मचारी और मजदूर नेता के रूप में सक्रिय रहे। उन्हें पार्टी में अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है।
टीएमसी ने अगस्त 2023 में उन्हें पश्चिम बंगाल से राज्यसभा भेजा था। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में अलीपुरद्वार सीट से भी चुनाव लड़ा था। कॉमर्स में स्नातक प्रकाश चिक बराइक लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
उनके इस्तीफे के बाद राज्यसभा में भी टीएमसी के भीतर दो धड़े बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बड़ा असर डाल सकता है।

