June 9, 2026

फरीदाबाद में 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान, 16 जून से घर-घर बांटे जाएंगे ORS और जिंक

फरीदाबाद में पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाते स्वास्थ्य कर्मी

Faridabad/Alive News: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने जिले के सभी अभिभावकों से 28 से 30 जून 2026 तक चलने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान में अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि 28 जून को जिलेभर में बनाए गए पोलियो बूथों पर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाई जाएंगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे।

एडीसी ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जो बच्चों को स्थायी विकलांगता का शिकार बना सकती है। इससे बचाव के लिए सभी बच्चों को समय-समय पर पोलियो की खुराक देना बेहद जरूरी है।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग 16 जून से 31 जुलाई 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान भी चलाएगा। इस दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवारों को ORS के पैकेट और जिंक की गोलियां वितरित करेंगी। साथ ही दस्त होने पर ORS घोल बनाने और जिंक के सही उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।

अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि बरसात के मौसम में बच्चों में डायरिया के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसे में ORS और जिंक बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करते हैं।

पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष टीमें तैनात रहेंगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

एडीसी ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अभियान के प्रचार-प्रसार में सहयोग करने की अपील की है, ताकि सभी बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य मिल सके।