June 9, 2026

खान सर को बड़ी राहत: कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक, 20 जून को होगी अग्रिम जमानत पर सुनवाई

पटना कोर्ट में फायरिंग मामले की सुनवाई के बाद खान सर को गिरफ्तारी से राहत

Patna/Alive News: पटना में फायरिंग मामले में मशहूर शिक्षक खान सर को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है और पुलिस से मामले की केस डायरी भी तलब की है।

अदालत ने अपने आदेश में कहा है कि अगली सुनवाई या अगले आदेश तक खान सर के खिलाफ कोई कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 जून को होगी।

खान सर की ओर से अदालत में पेश हुए वकील अरविंद कुमार महुआर ने कहा कि फायरिंग आत्मरक्षा में की गई थी। उनका उद्देश्य किसी में डर या दहशत फैलाना नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि खान सर के खिलाफ लगाए गए कई आरोप लागू नहीं होते और पुलिस ने दूसरे पक्ष के दबाव में आकर एफआईआर दर्ज की है।

वहीं सरकारी वकील ने अदालत में दावा किया कि खान सर के कहने पर ही सुरक्षा गार्डों ने गोली चलाई थी। उन्होंने कहा कि फायरिंग का उद्देश्य दहशत फैलाना था। इसके अलावा सरकारी पक्ष ने खान सर के आपराधिक इतिहास का भी जिक्र किया।

इस पर बचाव पक्ष ने कहा कि खान सर का कोई गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और जिन मामलों का जिक्र किया जा रहा है, वे धरना-प्रदर्शन से जुड़े हैं।

इसी मामले में गिरफ्तार किए गए दो सुरक्षा गार्ड दीपक कुमार और तालेबर सिंह की जमानत याचिका पर भी सुनवाई हुई। अदालत ने पुलिस से मामले से जुड़े सबूत मांगे हैं और उनकी जमानत पर फैसला जल्द आ सकता है।

खान सर पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने गार्ड्स से कहा था कि गोली चलाओ, बाकी मैं देख लूंगा। हालांकि बचाव पक्ष इन आरोपों को गलत बता रहा है।

दूसरी ओर, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर छात्रों ने पटना में कैंडल मार्च भी निकाला। छात्रों ने रौशन आनंद के समर्थन में नारे लगाए और खान सर की गिरफ्तारी की मांग की।

इस बीच खान सर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह छात्रों से कह रहे हैं कि अगर उनकी कोचिंग बंद हो गई तो कई संस्थानों की फीस काफी बढ़ सकती है। उन्होंने दावा किया कि उनका उद्देश्य शिक्षा को सस्ता और सभी के लिए सुलभ बनाना है।