June 6, 2026

क्या CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को अमेरिका से किया गया डिपोर्ट? 

New Delhi/Alive News: ऑनलाइन अभियान के रूप में शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला बड़ा प्रदर्शन किया। इस बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने की चर्चा भी सामने आई।

विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने पूछा कि क्या अमेरिका ने भारत सरकार को अभिजीत दीपके के डिपोर्ट होने या पासपोर्ट के दुरुपयोग से जुड़े किसी मामले की जानकारी दी है। इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

यह सवाल ऐसे समय में उठा है जब अभिजीत दीपके और उनके समर्थक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

अमेरिका से 1,076 भारतीय नागरिक हुए निर्वासित

विदेश मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक अमेरिका से 1,076 भारतीय नागरिकों को भारत भेजा जा चुका है। वहीं 2025 में कुल 3,567 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से निर्वासित किया गया था।

मंत्रालय के अनुसार भारत और अमेरिका दोनों अवैध प्रवासन को रोकने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कानूनी तरीके से विदेश जाने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

क्यों हो रहा है CJP का प्रदर्शन?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) युवाओं द्वारा शुरू की गई एक ऑनलाइन मुहिम है। पार्टी का कहना है कि वह विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रही है।

जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में NEET, CBSE, CUET और SSC जैसी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की जा रही है। प्रदर्शन के लिए प्रशासन की ओर से अनुमति भी दी गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।