New Delhi/Alive News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और सीधे जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है।
इस प्रदर्शन में लद्दाख के शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। उन्होंने पहले आशंका जताई थी कि दिल्ली पहुंचने पर अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और वे सुरक्षित जंतर-मंतर पहुंचे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार के खिलाफ बोलने वाले युवाओं और छात्रों के परिवारों में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अब लोग डर की राजनीति से नहीं डरेंगे और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहेंगे।
दीपके ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई योजनाबद्ध राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि उन छात्रों और युवाओं की आवाज है जो शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में लाखों छात्र इस आंदोलन से जुड़ सकते हैं।
जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बड़ी संख्या में छात्र, युवा और मीडिया प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। कुछ राजनीतिक संगठनों के समर्थक भी वहां पहुंचे, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
सीजेपी का कहना है कि उसका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहेगा। संगठन ने समर्थकों से तिरंगा, किताबें और फूल लेकर आने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।
पार्टी की मुख्य मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। सीजेपी का आरोप है कि NEET, CUET, SSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
इस बीच कई सार्वजनिक हस्तियों ने भी इस आंदोलन पर प्रतिक्रिया दी है। शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने का स्वागत किया, जबकि वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि युवाओं के इस आंदोलन को सकारात्मक मार्गदर्शन और समर्थन की आवश्यकता है।

