Faridabad/Alive News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेक्टर-7 और सेक्टर-14 में आयोजित कार्यक्रमों में हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने घोषणा की कि फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में अगले 15 दिनों के भीतर 45 नए ईको वन विकसित किए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि सेक्टर-7, 8, 9, 10, 11 और 14 समेत विभिन्न क्षेत्रों में नए ईको वन बनाए जाएंगे। वर्तमान में 15 ईको वन संचालित हैं और भविष्य में इनकी संख्या 100 से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-4 से सेक्टर-7 तक की ग्रीन बेल्ट को विकसित कर ऑक्सीजन कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे प्रदूषण नियंत्रण और हरित क्षेत्र बढ़ाने में मदद मिलेगी।विपुल गोयल ने नागरिकों से प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान वेस्ट मैनेजमेंट पार्क का उद्घाटन भी किया गया। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं।
उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-14 सामुदायिक केंद्र के पुनर्निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये और मार्केट के सौंदर्यीकरण के लिए 2.5 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। साथ ही सेंट्रल पार्क में एस्ट्रोटर्फ और ओपन जिम जैसी सुविधाओं को भी मंजूरी दी गई है।
मंत्री ने दावा किया कि इस वर्ष शहर में जलभराव की समस्या में करीब 90 प्रतिशत तक सुधार देखने को मिलेगा और शेष समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा।

