Faridabad/Alive News: जिला रेडक्रॉस सोसायटी, एलिम्को, नवदीप सेवा समिति और भारती चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बादशाह खान सिविल अस्पताल स्थित भौतिक चिकित्सा एवं पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क जांच एवं माप शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सौरौत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं समाजसेवी राकेश भाटिया, परविंदर राजपाल, अरुण मिश्रा, डॉ. विंध्या गुप्ता, डॉ. राकेश, डॉ. जयपाल सिंह, ज्ञान प्रसाद, बेबी सिंह और कुलदीप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नवदीप सेवा समिति के अध्यक्ष यशपाल शर्मा और भारती चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र नांदल ने अतिथियों का फूल-मालाओं और बुके देकर स्वागत किया।
शिविर में दिव्यांगजनों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की आंखों, कानों तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए माप भी लिए गए।
जांच के बाद 25 दिव्यांग और बुजुर्ग लाभार्थियों का चयन किया गया। इन्हें आगामी चरण में एलिम्को के माध्यम से जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि कुछ लाभार्थियों को वापस लौटना पड़ा, क्योंकि उनके पुराने उपकरणों की निर्धारित समय सीमा पूरी नहीं हुई थी, जिसके कारण उनकी ऑनलाइन स्वीकृति नहीं हो सकी।
इस अवसर पर बिजेंद्र सौरौत ने कहा कि ऐसे शिविर दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
शिविर में एलिम्को की विशेषज्ञ टीम ने जांच की, जिसमें कृत्रिम अंग विशेषज्ञ स्मृति, ऑडियोमेट्रिस्ट कमल, ऑप्टोमोलॉजिस्ट अनुराग और ईएनटी विशेषज्ञ तनुज सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे।

