New Delhi/Alive News: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार केरल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून इस बार सामान्य से करीब 9 दिन देरी से केरल पहुंचा है। आमतौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री में देरी हुई।
केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान है। केरल के अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना समेत कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश हो सकती है।
IMD ने ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना समेत 24 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में तापमान अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश, आंधी या बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, वहां सतर्क रहें और मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें।

