June 6, 2026

बदलते मौसम से लोगों को राहत

Noida/Alive News: लगातार बदलते मौसम के बीच लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बीच-बीच में आसमान में हल्के बादल छाए रहने से तेज धूप और उमस से राहत महसूस की गई। शहर का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं।

वहीं गुरुवार और शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। इन दिनों तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 8 जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

 प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार नोएडा और ग्रेटर नोएडा दोनों का वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया है। नोएडा का एक्यूआई 127 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 117 रिकॉर्ड किया गया, जो येलो जोन में आता है।