Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने 830 ग्राम गांजे के साथ एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अक्षय कुमार निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 01 जून को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम को इलाके में गश्त के दौरान गुप्त सूत्रों से नशे की तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और आसियाना फ्लैट सेक्टर-56 के पास घेराबंदी करके अक्षय कुमार को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 830 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
दिल्ली के सदर बाजार से लाता था नशा, जेल भेजा गया
आरोपी अक्षय कुमार यह गांजा दिल्ली के सदर बाजार से खरीदकर लाता था। उसने बताया कि वह वहां से 8000 रुपये में 1 किलोग्राम गांजा लेकर आया था। फरीदाबाद लाकर उसने इसमें से कुछ गांजा स्थानीय ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेच दिया था और बाकी बचे हिस्से को बेचने की फिराक में घूम रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि फरीदाबाद में उसके नेटवर्क से और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं।

