September 15, 2026

बल्लभगढ़: कंपनी से लाखों की चोरी करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, लॉकर साफ कर डीवीआर भी ले उड़ा था आरोपी

फरीदाबाद पुलिस और अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया चोरी का आरोपी

Faridabad/Alive News : थाना शहर बल्लभगढ़ के अंतर्गत चावला कॉलोनी स्थित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा से लाखों रुपये की नकदी उड़ाने वाले शातिर चोर को पुलिस ने दबोच लिया है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए 1 जून को शाखा के ही एक कर्मचारी मोनूराज निवासी किशनपुर, मेरठ को गिरफ्तार किया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर ब्रजेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी महिलाओं के समूह ऋण का कार्य करती है। 11 अप्रैल 2026 को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण छुट्टी थी, जिससे अधिकांश कर्मचारी अपने घर चले गए थे।

शाखा में ट्रेनिंग पर कार्यरत मोनूराज उर्फ करण अकेला रुका हुआ था। 12 अप्रैल की रात जब मैनेजर वापस शाखा पहुंचे, तो अंदर रखे लॉकर का ताला टूटा हुआ मिला और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी गायब था। जांच करने पर लॉकर से कुल 3,54,811 रुपये गायब पाए गए, जिसके बाद थाना शहर बल्लभगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया।

क्राइम ब्रांच की जांच में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला
आरोपी मोनूराज कंपनी की शाखा में ही काम करता था, इसलिए उसे कैश रखने की जगह और लॉकर के बारे में पूरी जानकारी थी। छुट्टी के दिन मौका पाकर उसने सबसे पहले मैनेजर के बैग से लॉकर की चाबी चुराई। इसके बाद लॉकर खोलकर उसमें रखे 3,54,811 रुपये साफ कर दिए। चोरी की यह वारदात कैमरों में कैद न हो, इसलिए वह जाते-जाते सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गया।

अब अपराध शाखा की टीम रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी की गई रकम और गायब डीवीआर की बरामदगी के प्रयास कर रही है।