–महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए SNSP क्लीनिक होंगे महत्वपूर्ण पहल
-अमृत फार्मेसी में सस्ती दरों पर मिलेंगी जीवन रक्षक दवाइयां
Faridabad/Alive News : भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और जनहितकारी बनाने की दिशा में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। फरीदाबाद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से ऑनलाइन माध्यम द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में बड़खल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा भी मौजूद रहे।
छांयसा मेडिकल कॉलेज में 15 डायलिसिस मशीनों की शुरुआत
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, छैंसा में 15 डायलिसिस मशीनों के साथ शुरू की गई सेवा गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। किडनी मरीजों को अब अपने क्षेत्र में ही बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। वर्तमान में 470 बिस्तरों वाले इस मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं, ओपीडी, आईपीडी और कैंसर मरीजों के लिए डे-केयर उपचार जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
महिलाओं के लिए SNSP क्लीनिक और सस्ती दवाओं के लिए अमृत फार्मेसी
बीके सिविल अस्पताल में शुरू किए गए SNSP क्लीनिक महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और पोषण के लिए एक समर्पित सहायता केंद्र के रूप में काम करेंगे। इसके साथ ही अस्पताल में शुरू हुई ‘अमृत फार्मेसी’ के माध्यम से कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की जीवनरक्षक दवाइयां और इम्प्लांट बाजार मूल्य से लगभग 50 प्रतिशत कम दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
इस अवसर पर एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, डीसीपी उषा कुंडू, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा और डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

