Faridabad/Alive News : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता सीमा त्रिखा ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए इसे प्रदेश की ‘आधी आबादी’ (महिलाओं) का सच्चा सम्मान करार दिया है।
पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि डॉ. कमला वर्मा के बाद, लगभग 43 साल के लंबे अंतराल के बाद किसी महिला को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई है। डॉ. अर्चना गुप्ता के रूप में एक योग्य और समर्पित महिला को यह जिम्मेदारी मिलने से समस्त हरियाणा की महिलाएं आज खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
सीमा त्रिखा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा हमेशा से जग-जाहिर रहा है, क्योंकि उसने महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों की ‘भ्रूण हत्या’ करने का काम किया। इसके विपरीत, भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सही मायनों में महिला हितों के पक्षधर साबित हुए हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि आज ‘मनोहर नीति’ और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नया और नायाब हरियाणा हर दिशा में प्रगति की ओर अग्रसर है। पेशे से डॉक्टर अर्चना गुप्ता का संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण हरियाणा में भाजपा को नई मजबूती प्रदान करेगा और ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करेगा।

