June 6, 2026

साली के साथ मिलकर साढ़ू की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने डबुआ क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से हाथरस, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल डबुआ के उत्तम नगर में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, 22 और 23 अप्रैल की रात जितेंद्र ने अपनी साली के साथ मिलकर उसके पति जयवीर की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को घर के जंगले में फांसी पर लटका दिया। इसके बाद 23 अप्रैल की सुबह परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर जयवीर के शव को डबुआ-पाली रोड पर कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और अलीगढ़ में छिपा हुआ था। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके साले समेत चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

गौरतलब है कि 23 अप्रैल को डबुआ-पाली रोड पर जयवीर का शव मिलने के बाद उसके भाई धर्मबीर ने हत्या की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।