अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने आरोपी विक्रम को दबोचा; खेत में बंधक बनाकर मारपीट करने और इलाज के दौरान हुई थी युवक की मौत
Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा (Crime Branch) सेक्टर-65 की टीम ने तिगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजस्थान निवासी एक युवक की हत्या के मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने बीते 26 मई को मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी विक्रम (निवासी गांव तिगांव, फरीदाबाद) को दबोचा। पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश और वारदात की वजह का खुलासा किया।
आरोपी विक्रम ने बताया कि अप्रैल 2026 में उसकी भतीजी अचानक लापता हो गई थी, जिसके संबंध में उसके भाई कुलभूषण ने थाना तिगांव में मुकदमा दर्ज कराया था। परिवार को शक था कि राजस्थान के भिवाड़ी (सैदपुर) का रहने वाला युवक मोनू उनकी भतीजी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसी रंजिश के चलते कुलभूषण और उसके परिवार के सदस्यों ने मोनू को सबक सिखाने की योजना बनाई।
पूछताछ में सामने आया कि गत 20 मई को आरोपी कुलभूषण और उसका भतीजा, मोनू को पकड़कर अपने खेतों में बने घर पर ले आए। वहां आरोपी विक्रम ने अन्य परिजनों के साथ मिलकर मोनू को बंधक बनाया और उसके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की।
इस मामले को लेकर मृतक के पिता भीम सिंह (निवासी सैदपुर भिवाड़ी, राजस्थान) ने 21 मई को थाना तिगांव में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 17 मई को उनका बेटा मोनू एक लंबित मामले की तफ्तीश में शामिल होने के लिए तिगांव आया था, तभी रास्ते से कुलभूषण और उसके परिवार ने उसका अपहरण कर लिया था। पुलिस ने शुरुआत में अपहरण और मारपीट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया था, लेकिन इलाज के दौरान मोनू की मौत हो जाने के बाद इस केस में हत्या की धारा जोड़ दी गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर सभी कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी को माननीय स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।

