June 6, 2026

ऑटो में बैठाकर टैक्सी चालक से लूट करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की AVTS भुपानी टीम ने टैक्सी चालक से लूटपाट करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन वर्मा, इरफान, अमन खान और विकास उर्फ सैंडी निवासी तिगांव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 23 मई की सुबह करीब 3:30 बजे गांव दौलताबाद निवासी अवतार सिंह दिल्ली जाने के लिए ओल्ड चौक पहुंचे थे। वहां पहले से एक ऑटो खड़ा था, जिसमें चालक और एक युवक बैठा हुआ था। ऑटो चालक ने बदरपुर बॉर्डर चलने की बात कहकर उन्हें ऑटो में बैठा लिया। कुछ देर बाद दो अन्य युवक भी ऑटो में सवार हो गए।

जब ऑटो मेवला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा तो एक आरोपी ने अवतार सिंह की गर्दन पर चाकू लगा दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन, बैग, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मोटरसाइकिल की आरसी और नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपी उन्हें एटीएम पर ले गए और खाते से 5000 रुपये भी निकलवा लिए।

मामले की जांच करते हुए AVTS भुपानी की टीम ने 25 मई को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 देशी कट्टे, एक चाकू, लूटा गया मोबाइल फोन, बैग, 1000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी आपस में दोस्त हैं और पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस संबंध में थाना ओल्ड फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया था।