June 6, 2026

फरीदाबाद कांग्रेस ने दी पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर नीलम चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के चेयरमैन विनोद कौशिक ने कहा कि पंडित नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखी थी। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा।

उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे, जिन्होंने देश में एक लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष, अग्रगामी एवं शांतिप्रिय राष्ट्र की मजबूत नींव डाली। स्वतंत्रता से पहले और बाद में वे भारतीय राजनीति के मुख्य केंद्र बिंदु रहे।

विनोद कौशिक ने आगे कहा कि पंडित नेहरू एक युगदृष्टा, महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल राजनेता और विश्व शांति के अग्रदूत थे। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद उन्होंने देश के चौतरफा विकास के लिए किसानों के लिए बांध और नहरें बनवाईं, मजदूरों के लिए कारखाने व मिलें स्थापित कीं, वैज्ञानिकों के लिए शोध संस्थान और युवाओं के लिए विश्वस्तरीय शिक्षण संस्थाओं का निर्माण कराया।

विनोद कौशिक ने फरीदाबाद के इतिहास को याद करते हुए एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विभाजन के समय आए 50 हजार हिंदू-सिख परिवारों के पुनर्वास के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के निर्देश पर ही फरीदाबाद को एक नए शहर के रूप में बसाया गया था। इसके बाद हमारे बुजुर्गों ने कड़ी मेहनत से इस औद्योगिक शहर को आगे बढ़ाया और विश्व पटल पर सुशोभित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं योगेश ढींगड़ा, वेद प्रकाश यादव, उमेश कौशिक और डॉ. सौरभ शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू का संपूर्ण जीवन देश के प्रति समर्पित रहा। उनके पूरे परिवार ने भारत की आजादी और इसे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में अपूर्व योगदान दिया। बच्चों के प्रति उनके अगाध प्रेम के कारण ही उन्हें आज भी सब ‘चाचा नेहरू’ कहकर पुकारते हैं।

इस श्रद्धांजलि सभा में मुकेश डागर, संजय त्यागी, सुनीता फागना, एन.के. शर्मा, सुरेश बेनीवाल, अनुज शर्मा, गौरव ढींगड़ा, पम्मी मान, विकास फागना, देव वशिष्ठ, डॉ. एच.पी. माहौर, एडवोकेट प्रशांत कौशिक, सुहैल सैफी, संजय सोलंकी, जवाहर ठाकुर, ईशांत कथूरिया, विधान प्रताप सिंह, जसविन्द्र कौर, बलजीत हुड्डा, महेश चितौड़ियां, रवि धीमन, राजकुमार यादव, हब्बन खान, मुख्तार सिंह, आजाद कुरैशी, रवि तिवारी, धर्म दत्त और नरेश सरपंच सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।