Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने बल्लभगढ़ में चाकू के बल पर फोन और बैग छीनने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन (22) निवासी ऊंचा गांव, बल्लभगढ़ और नितेश (26) निवासी तिरखा कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गर्ग कॉलोनी निवासी सरित पुंडिर ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी कि 15/16 मई की रात वह बल्लभगढ़ बस स्टैंड से अपने घर जा रहा था। जब वह मुकेश कॉलोनी मेन रोड पर पहुंचा तो तीन बाइक सवार युवक उसके पास आए और चाकू दिखाकर उसका मोबाइल फोन और बैग छीनकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जतिन ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जतिन की थी और वही बाइक चला रहा था। वारदात के बाद छीना गया फोन नितेश को बेच दिया गया था।
पुलिस ने नितेश से मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ के लिए जतिन को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

