September 15, 2026

अवैध रूप से मांस ले जा रहे दो युवक गिरफ्तार, 35 किलो मांस और बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: थाना सूरजकुंड पुलिस ने अवैध रूप से मांस ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 किलो मांस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल उर्फ कुतरु और साकिब निवासी गांव फतेहपुर तगा, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना सूरजकुंड की टीम को सूचना मिली थी कि इंतजार गार्डन सूरजकुंड रोड पर मांस पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दो युवक सड़क पर पड़े मांस को इकट्ठा करते हुए मिले, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल पर सलंबा, नूंह से मांस लेकर दिल्ली बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर लिया है।