Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने जनगणना कार्य को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से सभी निर्धारित सवाल पूछना अनिवार्य है।
नगर निगम को मिली शिकायतों में सामने आया है कि कुछ प्रगणक घर-घर जाकर केवल 4-5 सवाल पूछ रहे हैं और परिवार की सुविधाओं व संपत्तियों से जुड़े कई जरूरी सवाल नहीं पूछ रहे।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए धीरेंद्र खड़गटा ने सभी चार्ज अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना के दौरान हर परिवार से पूरी और सही जानकारी ली जाए। कोई भी सवाल छोड़ा न जाए और काम तय नियमों के अनुसार ही किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी चार्ज अधिकारी और पर्यवेक्षक यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीन काम करने वाले कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ जनगणना का कार्य करें। इसके लिए नियमित निगरानी भी की जाएगी।
निगम आयुक्त ने साफ किया कि जनगणना कार्य में लापरवाही, गलत जानकारी या अधूरी जानकारी मिलने पर संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

