Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद में आयोजित जनसुनवाई शिविर में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में करीब 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सीवर, पेयजल, प्रॉपर्टी आईडी, अतिक्रमण और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
महापौर ने डिविजन-2 के तोड़फोड़ विभाग के एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा को निर्देश दिए कि वे पिछले एक महीने से लंबित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर पेश करें। वहीं कार्यकारी अभियंता महेंद्र सिंह को भी डिविजन-2 में गलियों और सड़कों के निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारणों की रिपोर्ट दो दिन में देने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान सैनिक कॉलोनी और अरावली सेक्टर-49 के लोगों ने इलाके में ट्यूबवेल लगाने की मांग उठाई। वहीं एसजीएम नगर के 9 ब्लॉक में कमर्शियल गतिविधियों को लेकर शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा नागरिकों ने प्रॉपर्टी आईडी, अतिक्रमण और पानी के बिलों से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और संबंधित विभाग तुरंत कार्रवाई करें।
एनआईटी-5 से आई एक दिव्यांग महिला की शिकायत पर महापौर ने उसे भरोसा दिलाया कि उसे दोबारा नगर निगम आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अतिक्रमण से जुड़ी उसकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी और काम पूरा होने के बाद उसे फोन पर जानकारी दी जाएगी। इस मामले में महापौर ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल मौके पर मौजूद रहे, जबकि नगर निगम के अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।

