June 6, 2026

डाक विभाग के आधार केंद्र पर शुरू होगी तीसरी काउंटर सेवा

Noida/Alive News: सेक्टर-19 स्थित डाक विभाग के आधार केंद्र में आज मंगलवार से तीसरी आधार काउंटर सेवा शुरू की जाएगी। केंद्र पर लगातार बढ़ रही भीड़ और लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने यह निर्णय लिया है। नई काउंटर सेवा शुरू होने से आधार से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

डाक विभाग के हेड पोस्ट मास्टर मनोज कुमार ने बताया कि वर्तमान में केंद्र पर प्रतिदिन करीब 150 लोगों के नए आधार कार्ड बनाने और आधार सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। लेकिन लगातार बढ़ रही संख्या के कारण लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए तीसरी काउंटर सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया है।

उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रतिदिन 200 से अधिक लोगों के नए आधार कार्ड बनाने और वेरिफिकेशन का कार्य किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आधार संबंधी सेवाएं पहले की तुलना में अधिक तेजी और सुगमता से मिल पाएंगी।