September 16, 2026

बेहतर अंकों की उम्मीद में दिया विज्ञान का पेपर

Noida/Alive News: बेहतर अंक प्राप्त करने की उम्मीद के साथ सोमवार को दसवीं कक्षा के छात्रों ने विज्ञान विषय का दोबारा पेपर दिया। सेक्टर-11 स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित इस विज्ञान के पेपर में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। परीक्षा केंद्र पर छात्रों  में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। कई छात्रों ने बताया कि वे पहले पेपर में अच्छे अंक लाने के बावजूद अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से दोबारा इस पेपर को देने आए है। वहीं कुछ छात्रों ने कंपार्टमेंट और अभिभावकों के कहने पर पेपर दे रहे है। 

छात्रा हर्षिता ने बताया कि विज्ञान विषय में पहले उनके 85 अंक आए थे, लेकिन दोस्तों के कहने पर उन्होंने दोबारा पेपर दिया। उन्हें उम्मीद है कि इस बार उनके अंक पहले से और भी बेहतर आएंगे।

अद्विक ने कहा कि इस बार विज्ञान का पेपर पहले की तुलना में थोड़ा कठिन था, लेकिन उनकी तैयारी अच्छी थी। उन्होंने बताया कि इस पेपर के लिए भी उन्होंने उतनी ही मेहनत की जितनी पहले पेपर के दौरान की थी।

रोहित ने बताया कि उन्होंने यह पेपर सिर्फ इसलिए दिया क्योंकि उनके दोस्त भी विज्ञान का पेपर दे रहे थे। वहीं रघुवीर ने कहा कि पहले पेपर में उनकी कंपार्टमेंट आई थी, इसलिए उन्हें दोबारा पेपर दिया।

आदित्य तिवारी ने बताया कि वह पहले विज्ञान के पेपर में पास हो गए थे, लेकिन माता-पिता के कहने पर उन्होंने दोबारा पेपर दिया। उन्होंने कहा कि इस बार उन्होंने पहले से अधिक मेहनत की है और उन्हें अच्छे अंकों की पूरी उम्मीद है।