Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने सेक्टर-7 स्थित जनकल्याण मंदिर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं पर करीब पौने दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपुल गोयल ने कहा कि सरकार फरीदाबाद को आधुनिक और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-7 फरीदाबाद का सबसे पुराना सेक्टर है, जहां लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। इसे दूर करने के लिए करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से नई ड्रेनेज लाइन डाली जाएगी, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-7, 8 और 10 के चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू किया गया है। इस पर लगभग 7 से 8 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सेक्टर-7 के स्कूल परिसर में हॉकी प्रैक्टिस पिच बनाने की मांग भी पूरी की जा रही है। इसके लिए करीब 4 करोड़ रुपये का एस्टीमेट पास किया गया है, जिससे स्थानीय बच्चों को खेल प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सेक्टर-7 मार्केट का रिवैंपिंग कार्य जल्द शुरू होगा। करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से मार्केट में सड़क, पार्किंग, ड्रेनेज, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा। साथ ही उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अतिक्रमण स्वयं हटा लें ताकि प्रशासनिक कार्रवाई की जरूरत न पड़े।
विपुल गोयल ने कहा कि सेक्टर-77 में केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। कोशिश की जा रही है कि इसी साल स्कूल शुरू हो जाए, जिससे करीब 5000 बच्चों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा सेक्टर-8 में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की योजना को भी मंजूरी मिल चुकी है और जल्द उसका शिलान्यास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने सेक्टर-7 में कम्युनिटी सेंटर बनाने की मांग भी रखी। इस पर मंत्री ने कहा कि फरीदाबाद में 13 नए कम्युनिटी सेंटर मंजूर किए गए हैं और सेक्टर-7 में भी जल्द उपयुक्त स्थान चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

