June 6, 2026

सरकारी अस्पताल के बाहर महिला की डिलीवरी, स्टाफ की लापरवाही पर परिजनों का हंगामा

Faridabad/Alive News: स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 स्थित सरकारी अस्पताल में एक गर्भवती महिला को समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण अस्पताल के बाहर ही जमीन पर बच्चे को जन्म देना पड़ा। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों का कहना है कि महिला को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लाया गया था, लेकिन वहां कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 10 मिनट तक वह अस्पताल में मदद के लिए इधर-उधर घूमते रहे, लेकिन कोई डॉक्टर या कर्मचारी सहायता के लिए नहीं आया। इसी दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और अस्पताल के बाहर ही उसकी डिलीवरी हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ से नाराजगी जताई। आरोप है कि जब उन्होंने कर्मचारियों से सवाल पूछे और वीडियो बनानी शुरू की, तो स्टाफ ने कहा कि उन्हें रिकॉर्ड नहीं किया जा सकता और परिजनों पर बदतमीजी करने का आरोप लगाने लगे।

इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।