Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा से नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री और सफाई यूनियन के प्रधान बलबीर बालगुल्हेर ने यूनियन पदाधिकारियों के साथ शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने हरियाणा सरकार और कर्मचारी यूनियन के बीच बनी सहमति पर कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह आपसी बातचीत और समझ का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने भरोसा जताया कि नगर निगम कर्मचारी पहले की तरह शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण से ही शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से चलती है और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं।
राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने निगम आयुक्त को सरकार के साथ हुई बातचीत और हड़ताल समाप्त होने से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी हमेशा शहर को साफ और सुंदर रखने के लिए समर्पित हैं। हड़ताल खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुट गए हैं।
सफाई यूनियन के प्रधान बलबीर बालगुल्हेर ने भी भरोसा दिलाया कि नगर निगम के स्वच्छता कर्मचारी शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करेंगे तथा स्वच्छता सर्वेक्षण में फरीदाबाद की बेहतर छवि बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल और मुख्य अभियंता विवेक गिल भी मौजूद रहे।

