Faridabad/Alive News: डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में जनगणना का कार्य पूरी जिम्मेदारी और सुव्यवस्थित ढंग से लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। सभी चार्ज अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर मकान सूचीकरण कार्य का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में प्रगणकों से संवाद कर सर्वे कार्य की जानकारी ले रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं। साथ ही कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जनगणना का कार्य तय समय सीमा के भीतर प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिले के कुल 4648 ब्लॉकों में से 4300 ब्लॉकों में कार्य शुरू हो चुका है और जिले की कुल प्रगति 92 प्रतिशत तक पहुंच गई है।नगर निगम फरीदाबाद (MCF) क्षेत्र में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLBs) के कार्य को लेकर विभिन्न जोन में कार्य प्रगति पर है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कुल 4061 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में से 3722 ब्लॉक्स में कार्य शुरू किया जा चुका है, जबकि 63 ब्लॉक्स में कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLBs) के कार्य में तेजी से प्रगति हो रही है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के कुल 587 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में से 578 ब्लॉक्स में कार्य प्रगति पर है, जबकि 9 ब्लॉक्स में कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
रिपोर्ट के अनुसार उपमंडल फरीदाबाद में कुल 88 ब्लॉक्स में से 86 ब्लॉक्स में कार्य जारी है तथा 2 ब्लॉक्स में कार्य पूरा हो चुका है। इसी प्रकार उपमंडल बड़खल में कुल 213 ब्लॉक्स में से 212 ब्लॉक्स में कार्य प्रगति पर है और 1 ब्लॉक में कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वहीं उपमंडल बल्लभगढ़ में कुल 286 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में से 280 ब्लॉक्स में कार्य जारी है तथा 6 ब्लॉक्स में कार्य पूर्ण हो चुके हैं। डीसी ने कहा कि प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने प्रगणकों को निर्देश दिए कि जहां कार्य शुरू नहीं हुआ है वहां तुरंत कार्य प्रारंभ किया जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

