June 6, 2026

पत्नी पर चाकू से हमला, बचाने आए साले को भी किया घायल, आरोपी पति गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव पहलादपुर माजरा डीग में पत्नी पर चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-2 फरीदाबाद निवासी पंकज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गांव पहलादपुर माजरा डीग निवासी हरविंदर ने शिकायत दी कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2021 में पंकज के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पंकज उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। इस संबंध में पहले भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। विवाद के चलते महिला अपने मायके में रह रही थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 14 मई की रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच पंकज गांव पहलादपुर माजरा डीग स्थित उनके घर पहुंचा और अपनी पत्नी पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए हरविंदर पर भी आरोपी ने हमला कर घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।