Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सेक्टर-12 में आयोजित दिशा समिति की बैठक के बाद कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सरकार चलाने की जिम्मेदारी मिली है, वे काम करने की बजाय अब अधिकारियों को कोस रहे हैं। इससे साफ है कि सरकार भ्रष्टाचार रोकने में नाकाम रही है।
बुधवार को अपने निवास पर प्रेस वार्ता के दौरान विजय प्रताप ने कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा ही उनका रिपोर्ट कार्ड दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में हजारों करोड़ रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए और सरकार इसे रोक नहीं पाई।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि फरीदाबाद के उन स्थानीय नेताओं को भी जांच में शामिल किया जाए, जिनके कार्यकाल में कथित भ्रष्टाचार हुआ।
विजय प्रताप ने कहा कि दिशा की बैठक में भाजपा नेताओं द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा निंदनीय थी। उन्होंने कहा कि किसी के बच्चों को लेकर टिप्पणी करना गलत है। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन भाषा की मर्यादा भी बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की प्लानिंग कमजोर है और जनता के पैसों का दुरुपयोग किया गया। केंद्र, राज्य और नगर निगम में भाजपा की सरकार होने के बावजूद अब अधिकारियों पर जिम्मेदारी डाली जा रही है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि फरीदाबाद में विकास के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन जमीन पर काम नजर नहीं आता। उन्होंने नगर निगम में आग लगने की घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि दस्तावेज जलाकर भ्रष्टाचार छिपाने की कोशिश की गई।
विजय प्रताप ने कहा कि बड़खल गांव, अनखीर, भांकरी और नवादा जैसे इलाकों में पिछले कई वर्षों से विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों की जानबूझकर अनदेखी की गई। नवादा में सड़क निर्माण का काम एक साल से अधूरा पड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के पैसों की लूट नहीं होने देगी। पार्टी अपनी टीम बनाकर कथित घोटालों की जांच करेगी और सच्चाई जनता के सामने लाएगी।

