June 6, 2026

चलती ट्रेन पर पाइप फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार, पहले भी कई मामलों में रहा शामिल

Faridabad/Alive News: दिल्ली से झांसी जाने वाली ताज एक्सप्रेस पर पाइप फेंककर यात्री को घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंकज निवासी बेढ़ा पट्टी, होडल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।

जानकारी के अनुसार 1 मई 2026 को सुबह करीब 8 बजे ताज एक्सप्रेस होडल के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने तेज रफ्तार ट्रेन पर पाइप फेंक दिया। पाइप ट्रेन की खिड़की का शीशा तोड़ते हुए अंदर जा गिरा, जिससे एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

ट्रेन के मथुरा पहुंचने पर घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया गया। यात्री के बयान के आधार पर मथुरा में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में जांच के लिए जीआरपी फरीदाबाद भेजा गया।

पुलिस ने मामले की गहन जांच की और शक के आधार पर पंकज को 13 मई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने, नाबालिग लड़की को भगाने और शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चलती ट्रेन पर किसी भी तरह की वस्तु फेंकना गंभीर अपराध है, जिसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।